Friday 13 Feb 2026 3:31 AM

Breaking News:

रणवीर सिंह के बाद अब सलमान के करीबी को मिली धमकी, बिश्नोई गैंग ने मांगी करोड़ों की रंगदारी!


मुंबई । सुपरस्टार रणवीर सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद अब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बेहद करीबी को धमकियां मिली हैं। इन धमकियों के पीछे कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ बताया जा रहा है। धमकी देने वालों ने दोनों ही मामलों में करोड़ों रुपये की रंगदारी की मांग की है, जिसके बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने अपनी चौकसी और बढ़ा दी है।

सलमान के करीबी को ईमेल भेजकर धमकाया

सलमान खान, जो पहले से ही बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं, अब उनके नजदीकी लोगों को भी निशाना बनाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सलमान के एक बेहद करीबी और इंडस्ट्री से जुड़े शख्स को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इस ईमेल में भेजने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है और जान बख्शने के एवज में करोड़ों रुपये की मांग की है। हालांकि, अभी तक इस मामले में सलमान खान या उनके किसी सहयोगी की तरफ से पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसके बावजूद, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

सितारों के घर के आसपास मिली संदिग्धों की लोकेशन

मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में एक और डराने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को इनपुट मिले हैं कि बिश्नोई गैंग से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों की मोबाइल लोकेशन कई बड़ी बॉलीवुड हस्तियों के घरों के आसपास पाई गई है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है और क्राइम ब्रांच संदिग्धों के सुराग तलाशने में जुट गई है। चूंकि सलमान खान को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही चाक-चौबंद है, लेकिन अब उनके करीबियों पर मंडराता खतरा पुलिस के लिए नई चुनौती बन गया है।

रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर भेजा वॉयस नोट

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग और सलमान के करीबी को धमकी के बीच अब अभिनेता रणवीर सिंह का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। खबर है कि रणवीर सिंह को उनके व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई है। इसमें भी उनसे करोड़ों रुपये की मांग की गई है। इस मामले में भी बिश्नोई गैंग का नाम ही सामने आ रहा है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रणवीर सिंह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। लगातार मिल रही इन धमकियों ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Comments

Leave A Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *